शिक्षाविद दिनेश राजपूत बने भाजपा किसान मोर्चा बिलासपुर जिला अध्यक्ष
संघर्ष, सेवा, संगठन और उपलब्धियों का मिला सम्मान
बृजपाल सिंह हूरा…✍️

तखतपुर। छात्र जीवन से ही शिक्षा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय रहे शिक्षाविद दिनेश राजपूत को भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपते हुए भाजपा किसान मोर्चा, जिला बिलासपुर शहर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके दशकों लंबे संगठनात्मक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्यक्षमता का प्रतिफल मानी जा रही है।

दिनेश राजपूत वर्ष 1995 से शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाने वाले एक कर्मठ शिक्षाविद रहे हैं। प्रारंभ से ही राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में उनकी गहरी रुचि रही। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करते हुए संकुल अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्ष तक का प्रेरणादायक संगठनात्मक सफर तय किया।

ग्रामीण क्षेत्र के शासकीय विद्यालय मे 12 वी तक की शिक्षा ग्रहण करने वाले दिनेश राजपूत विद्यार्थी जीवन से ही कुशाग्र बुद्धि एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रतिभा के धनी रहे हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बहुआयामी उपलब्धियाँ प्राप्त करते हुए चार विषयों में स्नातकोत्तर (Master Degree) उपाधि अर्जित की है अंग्रेजी साहित्य, हिन्दी साहित्य, राजनीति शास्त्र तथा अर्थशास्त्र।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बी.एड. (B.Ed.) एवं पी.जी.डी.सी.ए. (PGDCA) जैसी व्यावसायिक एवं तकनीकी योग्यताएँ भी सफलतापूर्वक प्राप्त की हैं, जो उनकी शिक्षण एवं प्रशासनिक दक्षता को और सुदृढ़ बनाती हैं।

शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनकी विशेष रुचि और प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक स्रोत प्रशिक्षण संस्थान (CSRTI), नई दिल्ली तथा गुवाहाटी (असम) से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। यह प्रशिक्षण उनके व्यक्तित्व को अकादमिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक दृष्टि से और अधिक समृद्ध करता है। दिनेश राजपूत शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल छिरहा (बेमेतरा )मे शिक्षा प्राप्त किया उसी विद्यालय मे प्रथम शिक्षक के रूप मे कार्यभार ग्रहण किया।

दिनेश राजपूत ने अपने संगठनात्मक जीवन की शुरुआत बेमेतरा जिले के छिरहा संकुल अध्यक्ष के रूप में की। इसके पश्चात वे ब्लॉक संगठन सचिव, जिला पदाधिकारी रहे। वर्ष 2004 से तखतपुर ब्लॉक में उन्होंने ब्लॉक उपाध्यक्ष, ब्लॉक सचिव, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला संयोजक जैसे अनेक दायित्वों का निर्वहन किया। इसके साथ ही वे पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी रहे।

दिनेश राजपूत का शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। तखतपुर विकासखंड में उन्होंने 13 वर्षों तक सपोर्टिव टीचर के रूप में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्य किया। इस अवधि में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी, डाइट पेंड्रा एवं मुख्यमंत्री अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

दिनेश राजपूत ने विकासखंड प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में भी सेवाएं दीं तथा राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान कर शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाया।

वर्ष 2022 में जब उनकी शासकीय सेवा के 16 वर्ष शेष थे, तब उन्होंने राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर सक्रिय राजनीति का मार्ग चुना। बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी से प्रभावित रहे दिनेश राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यों से प्रेरित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश करते ही उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, शिक्षा प्रकोष्ठ एवं जिला प्रभारी, बिलासपुर का दायित्व सौंपा। इस दौरान उन्होंने शिक्षा से जुड़े विषयों के साथ-साथ महतारी वंदन योजना के सफल क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए गए सदस्यता अभियान के दौरान दिनेश राजपूत ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए स्वयं की आईडी से 1000 से अधिक नए सदस्य भाजपा से जोड़े। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया, जो उनकी संगठनात्मक सक्रियता और जनसंपर्क क्षमता का प्रमाण है।

विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा संगठन ने उन्हें विधानसभा चुनाव सह-संयोजक, ज़ोन प्रभारी, शक्ति केंद्र प्रभारी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं, जिन्हें उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया।

वहीं लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन्हें लाभार्थी संपर्क अभियान का लोकसभा संयोजक नियुक्त किया। इस दायित्व के अंतर्गत उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के 36 मंडलों में चार माह तक लगातार प्रवास करते हुए डेढ़ लाख से अधिक लाभार्थियों से सीधा संपर्क किया और भाजपा के पक्ष में बड़े जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए।

इसके अतिरिक्त वे मंडल संगठन चुनाव प्रभारी, मंडल सदस्यता अभियान प्रभारी सहित विभिन्न दायित्वों का भी निर्वहन करते रहे। इन सभी कार्यों और उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें भाजपा किसान मोर्चा, जिला बिलासपुर शहर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नियुक्ति के पश्चात दिनेश राजपूत ने कहा कि “पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरूंगा। किसान हितों की रक्षा, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”

दिनेश राजपूत ने इस अवसर पर संगठन का आभार व्यक्त करते हुए तखतपुर के यशस्वी विधायक श्री धर्मजीत सिंह ठाकुर के प्रति विशेष धन्यवाद प्रकट किया।
दिनेश राजपूत की यह नियुक्ति किसान मोर्चा के साथ-साथ बिलासपुर जिले में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और दिशा प्रदान करेगी..

अब देखना यह है कि उपलब्धियो से भरे दिनेश राजपूत जी के भाजपा संगठन से जुड़े रहने की प्रक्रिया आने वाले 2028 के विधानसभा चुनाव में क्या रंग लेकर आती है…
तब तक के लिए नारायण नारायण….😊

