केंद्रीय बजट : किसी को जमकर लुभाया, तो किसी को जरा भी न भाया..

किसी ने कहा- सभी का रखा गया ध्यान तो किसी ने बताया पूंजीपतियों को ही लाभ

बृजपाल सिंह हूरा..✍️

तखतपुर। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट पर मिली जुली प्रतिक्रियाएं रही। कुछ लोगों ने बजट को जहां विकसित भारत की दिशा में एक बढ़ता कदम बताया तो वही कुछ लोगों ने इसे हिंदुस्तान का बजट न बताकर सिर्फ कुछ राज्यों को लाभान्वित करने वाला बजट बताया।

अपार अवसरों का राजमार्गः धर्मजीत सिंह

तखतपुर विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह ने कहा कि, हम तेजी से बढती अर्थव्यवस्था बनकर ही संतुष्ट नहीं है बल्कि जल्द से जल्द तीसरी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं। ये बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है। ये बजट वर्तमान के सपनों को साकार करता है। भारत जिस रिफॉर्म्स पर सवार है, बजट से उसे नई गति मिलेगी।

विकास का एक भी ठोस बुनियादी मास्टर प्लान नहीं : पूजा मक्कड़

सफल गृहणी से नगर पालिका अध्यक्ष बनी श्रीमती डॉ. पूजा मक्कड़ ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री स्वयं महिला है उनसे नारी सशक्तिकरण पर बहुत ज्यादा उम्मीदें थी। हर जिले की बजाय हर ब्लॉक में गर्ल्स हॉस्टल ज्यादा सार्थक होता। वही तखतपुर जैसे नगर को शहर के रूप में तेजी से विकसित करने के लिए कोई भी बुनियादी प्लान या तैयारी की झलक भी देखने को नहीं मिली है।

तखतपुर से दिल्ली तक हर वर्ग क्षेत्र होगा लाभान्वित : संतोष कौशिक

    भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कौशिक गुरुजी ने कहा कि देश की आजादी के बाद जिस सपनों का भारत की कल्पना हमारे बुजुर्गों ने की थी वो अब जाकर इस बजट के माध्यम से साकार होता दिखाई दे रहा है। तखतपुर से लेकर दिल्ली तक हर वर्ग को हर क्षेत्र को उन्नति के शिखर पर ले जाने की राह तैयार हुई है।

त्वरित न्याय व्यवस्था के साथ विकसित भारत की जमीन तैयार : अशोक ठाकुर

      वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक ठाकुर ने कहा कि यह निर्मल रमणीय बजट है जिसमें दीर्घकालीन योजनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जो प्रावधान किए गए हैं वह 2047 के विकसित भारत के अनुरूप है। विधि के क्षेत्र में भी त्वरित न्याय के लिए जो प्रावधान किया गया है उस पर भी सरकार की कई सार्थक पहल देखने को मिली है जो सराहनीय है।

केंद्र से क्षेत्रीय बजट की मिलती है झलक : परमीत बग्गा

      कांग्रेस नेता परमीत सिंह बग्गा ने कहा कि केंद्र सरकार के बजट में अमीर को अमीर और गरीब को गरीब बनाने की राह तैयार की है। बजट से पूंजीपतियों को ही लाभ दिया जा रहा है। देश के सभी राज्यों को ध्यान में न रखकर चुनिंदा राज्यों को ही लाभ दिया जा रहा है जो इस बजट को केंद्रीय के बजाय क्षेत्रीय भी प्रदर्शित करता है।

छोटे गांव से लेकर बड़े महानगर तक सभी को किया गया खुश : डॉ. माधवी वस्त्रकार

        डॉक्टर की नौकरी को त्याग कर जनपद पंचायत अध्यक्ष बनी डॉ. माधवी संतोष वस्त्रकार ने कहा कि बजट में भारत के गांव से लेकर महानगर तक सबको ध्यान में रखा गया है। बजट में 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए राष्ट्रीय राज्य मार्ग, 3 नए एम्स, हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, देश की सुरक्षा के लिए 1.85 लाख करोड़, फार्मा और बायोटेक सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़, यह सब कोई साधारण बात नहीं है।

स्वच्छ ऊर्जा से प्रदूषण मुक्त और आत्मनिर्भर भारत : दिनेश राजपूत

       सोलर ऊर्जा संचालक एवं किसान मोर्चा जिलाअध्यक्ष दिनेश राजपूत ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों की आय बढ़ाने एवं सोलर ऊर्जा से जुड़ी सामग्री को सस्ता करने का निर्णय ऐतिहासिक और क्रांतिकारी है। इससे किसानों की खेती की लागत कम होगी और आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से देश प्रदूषण मुक्त और आत्मनिर्भर बनेगा। यह बजट किसान, पर्यावरण और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

महिलाओं को कम ब्याज पर लोन, आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी : शिप्रा सैमुएल

       समाज सेविका एवं भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती शिप्रा सैमुएल ने कहा कि महिलाओं के लिए कम ब्याज पर लोन उपलब्ध करा कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शानदार प्रयास किया गया है। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम, कैंसर की दवाओं पर टैक्स माफ, तीन नए आयुर्वेदिक एम्स की घोषणा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कदम।

स्वस्थ शिक्षित निर्भीक निडर आत्मनिर्भर भारत को और भी मजबूती : दिनेश साहू

        भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू ने कहा कि इस ऐतिहासिक बजट में देश की नारी शक्ति को सशक्त स्वरूप को पेश किया गया है। शिक्षा स्वास्थ्य आर्थिक उदारीकरण के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं के लिए एक सुरक्षित भारत का कॉरिडोर तैयार किया गया। इससे स्वस्थ शिक्षित निर्भीक निडर आत्मनिर्भर भारत को और भी मजबूती मिलेगी।

          अब देखना यह है कि मिली जुली प्रतिक्रियाएं के साये में बजट का वास्तविक लाभ आम जनता को कितना मिल पाता है…

          तब तक के लिए नारायण नारायण…..😊

error: Content is protected !!