तखतपुर नगर पालिका उपाध्यक्ष में भी कांग्रेस को मिली एक बड़ी जीत..

भाजपा की कथनी करनी का अंतर दिखा : आशीष सिंह

कांग्रेस की गौरी अजय देवांगन को मिले 10 और भाजपा के अंकित अग्रवाल गुल्लू को मिले 6 मत

बृजपाल सिंह हूरा..✍️

तखतपुर। नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव के लिए आज कांग्रेस के लिए फिर अच्छा दिन रहा और नगर पालिका अध्यक्ष के बाद कांग्रेस को नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के लिए भी एक आसान और बड़ी जीत मिली। जिससे कांग्रेस खेमे में उत्साह का वातावरण बन गया।

     आज प्रातः से ही कांग्रेस भाजपा खेमे में गहमा गहमी का वातावरण रहा। भाजपा का जहां काफी दिनों से निरंतर सुना जा रहा कैलाश देवांगन का नाम बदलकर उपाध्यक्ष पद के लिए अंकित अग्रवाल गुल्लू का नाम सामने आया। वहीं कांग्रेस के चार प्रमुख दावेदारों में से अंतिम क्षणों में गौरी अजय देवांगन का नाम फाइनल हुआ।

     कुछ देर के लिए कांग्रेस खेमे में गुटबाजी संभावना देखी गई जिससे भाजपा खेमे में थोड़ी उम्मीद की किरण दिखाई दी लेकिन मतदान के बाद जैसे ही रिजल्ट आया तो कांग्रेस का एक भी वोट क्रॉस नहीं हुआ और उसे अध्यक्ष सहित 9 पार्षदों का कुल 10 मत प्राप्त हुए और भाजपा को 6 मत मिले। इस खबर के साथ कांग्रेस खेमे में उत्साह और जश्न का वातावरण बन गया। नारेबाजी ढोल ताशा बजने लगे आतिशबाजी होने लगी, मिठाइयों का वितरण होने लगा।

भाजपा की कथनी करनी का अंतर दिखा : आशीष सिंह

     नगर पालिका में कांग्रेस की एक और बड़ी जीत पर उत्साहित होकर आशीष सिंह ठाकुर ने प्रेस से अपनी चर्चा में कहा कि भाजपा के नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष के लिए देवांगन समाज को टिकट न देने पर कहा था कि उपाध्यक्ष का पद देवांगन समाज को देंगे। उसके बावजूद भी उन्होंने देवांगन समाज के दो पार्षद होने के बावजूद भाजपा से उन्हें उपाध्यक्ष का प्रत्याशी नहीं बनाया। जबकि कांग्रेस ने उपाध्यक्ष के लिए देवांगन समाज को प्रत्याशी बनाकर उसे विजय भी बनाया है।

अपील समिति में कांग्रेस को मिली निर्विरोध जीत

    नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव के बाद अपील समिति का निर्वाचन होना था किंतु भाजपा के लोग उपाध्यक्ष का चुनाव हारने के बाद वहां से चले गए और अपील समिति निर्वाचन के लिए भाजपा की तरफ से कोई भी नहीं आया। जिस वजह से कांग्रेस के चंद्रप्रकाश देवांगन एवं जसप्रीत रमन हूरा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

रमन और छोटी एक थाली में खाए खाना

        नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान पार्षदों के दोपहर भोजन में वार्ड 7 की पार्षद जसप्रीत ने बताया वो रमन के साथ ही खाना खाती है तभी फिर रमन को बाहर से बुलाया गया और दोनों पार्षद दंपत्ति एक ही थाली में साथ साथ खाना खाने लगे जिसे सारे लोग बड़े से प्यार से देखकर आनन्द भी लेते रहे…

अंकित अग्रवाल को मिल सकता है नेता प्रतिपक्ष का पद..?

      भाजपा की तरफ से पार्षदों की संख्या कम होने के बावजूद भी अंकित अग्रवाल गुल्लू ने उपाध्यक्ष का चुनाव पूरे दम से लड़ा। कांग्रेस से टूट की उम्मीद थी पर कांग्रेस यहां पर टस से मस भी नहीं हुई। जिससे भाजपा की हार हुई। इस वजह से माना जा रहा है कि स्पष्ट हार देख कर भी चुनाव लड़ने का हौसला करने वाले अंकित अग्रवाल गुल्लू को पुरस्कार स्वरूप नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष का पद भारतीय जनता पार्टी द्वारा दिया जा सकता है।

          अब देखना यह है कि नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव की चमक को कम करने के लिए भारतीय जनता पार्टी जनता के बीच अपने कम बैक का कौन सा पैंतरा चलती है..
           तब तक के लिए नारायण नारायण….😊

error: Content is protected !!