नगर पालिका चुनाव रिजल्ट के पहले क्या बोल रही है तखतपुर की जनता… देखिए नारदमुनि की नजर से..
बृजपाल सिंह हूरा…✍️

तखतपुर। नगरपालिका चुनाव मतदान के बाद एक खामोशी और चुनावी सन्नाटा का वातावरण भले ही है पर लोग परिणाम निकलने से पहले परिणाम जानने को उत्सुक और उत्साहित भी दिख रहे किन्तु प्रतिक्रिया देने से बच भी रहे हैं और परिणाम से पहले रिजल्ट जानने को उत्सुक भी हैं। जो लोग प्रतिक्रिया जाहिर भी कर रहे हैं तो उसे गोपनीय रखने और किसी को ना बताने की बात कहते हैं।
तखतपुर नगर पालिका चुनाव में
वार्ड क्रमांक 1
में कांग्रेस के गौरी अजय देवांगन और भाजपा की लता कश्यप के बीच सीधा मुकाबला रहा। जिसमें शुरू से ही गौरी अजय देवांगन का नाम घूमता रहा। चुनाव के अंत तक चुनाव मुकाबला की स्थिति में आया जरूर पर मतदान के बाद भी पब्लिक साउंड में गौरी अजय देवांगन की स्थिति बीस बताई जा रही।
वार्ड क्रमांक 2
में भाजपा प्रत्याशी ईश्वर सिंह राजपूत का नाम आगे रहा। कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा अभिषेक पांडेय का नाम घोषित होने के कुछ दिनों के बाद अनुपमा पांडेय का नाम भी तेजी से आगे बढ़ा। कांग्रेस प्रत्याशी घोषणा से पहले जो ईश्वर राजपूत की 80/20 की स्थिति थी वह प्रत्याशी घोषणा के बाद काफी बदली। अब इसमें ईश्वर सिंह राजपूत कितना नीचे उतरे और अनुपमा अभिषेक पांडेय अपने सहानुभूति लहर के साथ तेजी से ऊपर चढ़ने में बॉर्डर लाइन पार कर पाई या न कर पाई उस पर ही पूरा रिजल्ट का दारोमदार है। वार्ड के बाहर पब्लिक साउंड में ईश्वर सिंह राजपूत के जीतने की संभावना जताई जा रही है तो अनुपमा अभिषेक पांडेय भी जीत सकती है सुनाई पड़ने लगा है।
वार्ड क्रमांक 3
में कोमल सिंह की टिकट भाजपा से डिक्लेअर के बाद यह सीट हाई प्रोफाइल रही। कांग्रेस ने दीपक सिंह ठाकुर को मैदान में उतारा। आरंभिक दिनों में यह खबर आती रही कि कोमल सिंह तखतपुर के समस्त वार्डों में सर्वाधिक मतों के अंतर जीत प्रतिशत दर्ज करेंगे। मतदान दिवस आते-आते स्थिति में परिवर्तन आया। पब्लिक साउंड के मुताबिक कोमल सिंह जीत भले ही रहे हैं पर अंतर में कमी आई है जो कांग्रेस के लिए फायदे का संकेत दे सकती है।

वार्ड क्रमांक 4
में दोनों पार्टियों की टिकट अंतिम क्षणों में बदली और पिछले पंचवर्षीय के वार्ड 3 के मुकाबलेदार आमने-सामने हो गए। भाजपा के लिए भी यह सीट हाई प्रोफाइल इसलिए रही कि उसने अंतिम क्षणों में अपने मंडल अध्यक्ष नैनलाल साहू को प्रत्याशी बनाया और कांग्रेस ने शैलेंद्र निर्मलकर के चुनावी रथ पर सारथी के रूप में टेकचंद कारड़ा को बिठा दिया। यहां पब्लिक साउंड कांग्रेस के पक्ष में सुनाई दे रहा है। जिस वजह से कांग्रेस प्रत्याशी शैलेंद्र निर्मलकर जीत सकने की स्थिति में है।
वार्ड क्रमांक 5
में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जांगड़े भाजपा प्रत्याशी पुष्पा नरेंद्र रात्रे एवं निर्दलीय संदीप खांडे के बीच त्रिकोणीय रोमांचक चुनावी मुकाबला हुआ है। निर्दलीय दुर्गा खांडे भी चुनाव मैदान में रही। मैनेजमेंट और चुनाव प्रचार में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जांगड़े की स्पीड ज्यादा दिखाई दी। पब्लिक साउंड भी सुनील जांगड़े का ज्यादा आ रहा है पर चूंकि मुकाबला त्रिकोणीय है इसलिए रिजल्ट को लेकर दावा किया नहीं जा सकता है।
वार्ड क्रमांक 6
में भाजपा प्रत्याशी इस्लाम अंसारी और कांग्रेस प्रत्याशी अजमत हुसैन नट्टू जायसी के बीच में सीधा मुकाबला है। शुरुआती दौर में इस्लाम अंसारी ने अपने पक्ष में चुनाव माहौल को एक तरफा कर दिया था पर पूर्व पार्षद मुकीम अंसारी के सक्रिय होते ही नट्टू जायसी की स्थिति में काफी सुधार आया है और वह चुनाव को रोमांचक मुकाबला की स्थिति में लाकर खड़े कर दिए हैं। कोरोना काल में नट्टू जायसी द्वारा किए गए कार्य की काफी सराहना हुई है। अगर वह फैक्टर चल गया तो परिणाम कांग्रेस के पक्ष में जा सकता है। पब्लिक साउंड में इस्लाम अंसारी की स्थिति बीस है।
वार्ड क्रमांक 7
में चुनाव मुकाबला बहुत ही रोमांचक स्थिति में है। कांग्रेस प्रत्याशी जसप्रीत रमन हूरा एवं भाजपा प्रत्याशी गंगोत्री पवन गुप्ता दोनों ही राजनीति और चुनावी मैदान के नए और फ्रेश खिलाड़ी रहे। प्रचार तंत्र, संसाधन और मैनेजमेंट में दोनों ने के बीच में काफी शह और मात का खेल चलता रहा है। दिलीप तोलानी को भाजपा से टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थकों के रुझान और झुकाव पर ही पूरा परिणाम टिका हुआ है।

वार्ड क्रमांक 8
का चुनाव भी काफी दिलचस्प और रोमांचक स्थिति में है। देवांगन समाज के तीन चुनावी धुरंधरों कांग्रेस बिहारी देवांगन, भाजपा कैलाश देवांगन, निर्दलीय शिवनाथ देवांगन के बीच में ही चुनाव संघर्ष का मुकाबला ने चुनावी वातावरण को कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता बना दिया है और एक कुर्सी पर तीनों को बैठना है अब कौन बनेगा विजेता इसका फैसला तो 15 फरवरी को सुबह 10 बजे आ जाएगा पर जिस बिहारी देवांगन को तीसरे स्थान पर माना जा रहा था, उसका ग्राफ अंतिम दिनों में बहुत तेजी से ऊपर चढ़ा है। माना जा रहा है कि इसी समीकरण से परिणाम भी कही चमत्कारिक ना आ जाए।
वार्ड क्रमांक 9
में धर्म-कर्म और धन बल के बीच जो चुनाव युद्ध चला है उस वजह से पूरे तखतपुर की निगाहें वार्ड क्रमांक 9 के चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है। यहां का जीत और हार इस वार्ड की भविष्य की राजनीति को तय करेगा। यहां कांग्रेस कि परमजीत लवली हूरा और भाजपा की तबस्सुम जुनैद जिंदरान के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला हुआ है। यहां सिंधी समाज के वोट ही परिणाम में निर्णायक सिद्ध साबित होंगे। दोनों पक्षों के द्वारा जीत का दावा किया जा रहा है।
वार्ड क्रमांक 10
में भाजपा के अंजू सुरेश देवांगन एवं कांग्रेस के रानी दिनेश देवांगन के बीच चुनावी टक्कर हुई है। शुरू में जो स्थिति भाजपा के पक्ष में झमाझम दिख रही थी चुनाव के अंत आते आते चुनाव रोमांचक स्थिति में जरूर आया पर पब्लिक साउंड में अभी भी अंजू सुरेश देवांगन की स्थिति 20 साबित हो रही है।

वार्ड क्रमांक 11
में आश्चर्यजनक रिजल्ट आने की संभावना भी दिख रही है। यहां भाजपा के संदीप साहू और कांग्रेस के चंद प्रकाश देवांगन के बीच सीधा मुकाबला है। बताया जाता है कि निर्दलीय प्रत्याशियों का चुनाव मैदान से हट जाना परिणाम में काफी असर डाल रहा है। भाजपा के इस गढ़ से कांग्रेस देश की आजादी के बाद पहली बार अपना परचम लहरा सकता है, का भी पब्लिक साउंड सुनाई दे रहा है। वैसे कृष्ण कुमार साहू इस वार्ड के चुनावी मैदान के पुराने खिलाड़ी हैं। उन्हें बैक फुट में नहीं किया जा सकता, ऐसी भी आवाज़ आती है।
वार्ड क्रमांक 12
में चुनावी मुकाबले की स्थिति शुरू से ही नजर नहीं आई और अंत तक भी स्थिति भाजपा प्रत्याशी अंकित अग्रवाल गुल्लू के पक्ष में ही बनी रही यहां से कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी यादव किसी भी दिन अपनी बढ़त या मुकाबला वाली स्थिति को बनाते नहीं दिखे हैं पब्लिक साउंड तो यही है कि वार्ड 12 से शायद भाजपा का सर्वाधिक मत प्रतिशत से पार्षद जीत सकता है।
वार्ड क्रमांक 13
में भाजपा के पुराने धुरंधर शिव देवांगन कांग्रेस की पूजा बबलू गुप्ता के सामने अपने चुनाव को एक तरफा नहीं बना सके। पिछली हार की सहानुभूति लहर को पूजा बबलू गुप्ता ने जमकर बनाया है और चुनावी संसाधनों में भी धुरंधर शिव देवांगन को कड़ी टक्कर दी है। पब्लिक साउंड में पूजा बबलू गुप्ता 20 साबित हो रही है।
वार्ड क्रमांक 14
की स्थिति अजीब कशमकश में फंस गई है। यहां से भाजपा ने ताजा ताजा कांग्रेस से आए प्रियंका सुनील आहूजा को अपना प्रत्याशी बनाया और भाजपा टिकट से वंचित सविता राजेश बंजारे को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बना दिया। सुशीला अमित कोसले यहां निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव को त्रिकोणीय में फंसा दिया। यहां से सविता राजेश बंजारे के लिए पब्लिक साउंड बीस सुनाई दे रहा है।
वार्ड क्रमांक 15
में कांग्रेस के मुन्ना श्रीवास और भाजपा के राजकुमार यादव के बीच सीधा चुनावी मुकाबला है। यहां से बलराम साहू और आनंद साहू निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में है। तखतपुर नगर के सर्वाधिक रोमांचक मुकाबले की स्थिति में वार्ड 15 की भी स्थिति कड़े मुकाबले वाली है। मुन्ना श्रीवास यहां से जीत कर जहां एक ही वार्ड से लगातार पांच बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाने के लिए कड़ा संघर्ष किए हैं। वही राजकुमार यादव अभी नहीं तो कभी नहीं की तर्ज पर अपनी पूरी ताकत शक्ति को झोंक दिया है। यहां का चुनाव परिणाम चुनावी संघर्ष में फंस गया है। पिछले पंचवर्षीय में भी यहां का परिणाम 1 वोट से बढ़त का आया था। यहां से पब्लिक साउंड भी दोनों के पक्ष में चल रहा है।

नारदमुनि वेब चैनल द्वारा किया गया यह सर्वे रिपोर्ट कोई रिजल्ट नहीं है बल्कि जनता के द्वारा दिए गए मिश्रित प्रतिक्रियाओं का निचोड़ है जो अधिकृत नहीं है। अधिकृत रिजल्ट 15 फरवरी सुबह 10 के बाद ही पता चल पाएगा इसलिए नारदमुनि सर्वे को हम अपना दावा रिपोर्ट नहीं कहते हैं।
अब देखना यह है कि जो सर्वे रिपोर्ट सुनाई दिखाई पड़ रही है वह 15 फरवरी के चुनाव रिजल्ट के कितने करीब रहेगी…
तब तक के लिए नारायण नारायण….😊
