तखतपुर नगर पालिका इलेक्शन फ्लैशबैक: नगर पालिका से बन गया नगर पंचायत 1994 में

तखतपुर नगर क्षेत्र में वार्डों की संख्या में हुई वृद्धि, 10 से बढ़कर वार्ड हुए 15, वार्डों के चुनाव में पार्टी का सिम्बॉल नहीं चला

बृजपाल सिंह हूरा ✍️

तखतपुर 1994 में एक बार फिर से नगरीय निकाय चुनाव की तूफानी हवा आरंभ हुई और तखतपुर नगर इतिहास में वार्ड पार्षद चुनाव दूसरी बार हुआ। इस वर्ष नगर पालिका से तखतपुर नगर पंचायत हो गया और वार्डों की संख्या 10 से बढ़कर 15 हुई। वार्ड चुनाव में पार्टी का सिम्बोल इस वर्ष लागू नहीं किया गया। 1990 के बाद इस बार भी पार्षदों के द्वारा ही अध्यक्ष का चुनाव हुआ।
         नगरीय निकाय के इस पंचवर्षीय में पार्टी का सिम्बोल तो नहीं रहा पर कांग्रेस भाजपा पार्टी की ओर से प्रत्याशी अधिकृत करके वार्डों में उतारे गए। बावजूद इसके भाजपा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ दोनों दल से बागियों की संख्या भी खूब रही।
     1994 के नगर पंचायत वार्ड चुनाव में वार्ड क्रमांक 1 से भाजपा समर्थित से वंचित हिरेंद्र कश्यप चुनाव जीते। यहां उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेश ठाकुर जीवन लाल पांडेय रफीक ऐबानी श्रीमती एस पी सैमुएल धनसी राम अग्रवाल रहे।
 वार्ड क्रमांक 2 से भाजपा समर्थित श्रीमती गंगोत्री बाई रजक चुनाव जीती। यहां कांग्रेस समर्थित श्रीमती पुन्नू बावा निकटतम प्रतिद्वंदी रही। वार्ड क्रमांक 3 से कांग्रेस समर्थन से रहे अधिवक्ता लक्ष्मी नारायण यादव विजयी हुए। यहां इनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा समर्थित माखन साहू रहे। वार्ड क्रमांक 4 से निर्दलीय यासीन कुरेशी विजयी हुए, यहां से निकटतम प्रतिद्वंदी आबिद अली शाम और ज्ञान मसीह रहे। वार्ड क्रमांक 5 में प्रभादेवी कटेलिया पार्षद चुनाव जीती। निकटतम प्रतिद्वंदी आयशुबुआ रही। वार्ड क्रमांक 6 से कांग्रेस समर्थित कृष्णा देवी अग्रवाल विजयी हुई। निकटतम प्रतिद्वंदी श्रीमती ममता राजू गुप्ता रही। यहां चुनाव में बराबरी की स्थिति होने पर फिर से मतदान हुआ था। जिसमें कृष्णा देवी अग्रवाल चुनाव जीती। वार्ड क्रमांक 7 से भाजपा समर्थित श्रीमती सुरेंद्र कौर मक्कड़ विजयी हुई। निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित हरजीत कौर चंचल आशा ठाकुर रही। वार्ड क्रमांक 8 से कांग्रेस समर्थित जनक ताम्रकार बहुकोणीय संघर्ष में विजयी हुए। निकटतम प्रतिद्वंदी भागवत प्रसाद पांडेय श्यामजी देवांगन रामशरण शिवहरे अशोक सोनी आदि रहे। वार्ड क्रमांक 9 में कांग्रेस समर्थित शब्बीर भाई वनक चुनाव जीते, निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय डॉ. मदन सिंह हुरा एवं भाजपा समर्थित हरजीत सिंह मक्कड़ रहे। वार्ड क्रमांक 10 से निर्दलीय माधो देवांगन विजयी हुए, भाजपा समर्थित कार्तिक राम देवांगन कांग्रेस समर्थित राजू देवांगन निकटतम प्रतिद्वंदी रहे। वार्ड क्रमांक 11 से भाजपा समर्थित शिव देवांगन विजयी हुए। निकटतम प्रतिद्वंदी कृष्ण कुमार साहू नारायण देवांगन रतन लाल सोनी रहे। वार्ड क्रमांक 12 से जितेंद्र पांडेय विजयी रहे यहां निकटतम प्रतिद्वंदी उस्मान भाई कांग्रेस समर्थित कैलाश अग्रवाल भगवती प्रसाद बाजपेई भाजपा समर्थित सुरेश पाठक रहे। वार्ड क्रमांक 13 से हरबंश सिंह बग्गा विजयी हुए, निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा समर्थित सागरमल अग्रवाल कांग्रेस समर्थित कमलकांत मिश्रा रहे। वार्ड क्रमांक 14 से रामदास हिंडोरे विजयी रहे। निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेंद्र कोसले रहे। वार्ड क्रमांक 15 में श्रीमती दुर्गा शंकर माली विजयी हुई, निकटतम प्रतिद्वंदी श्रीमती इंद्र कुमार मिश्रा रही। प्रदेश सरकार के द्वारा भूपेंद्र सिंह हूरा एवं अशोक ठाकुर को एल्डरमैन मनोनीत किया गया।

पार्षदों के मतदान से हरबंश सिंह बग्गा बने अध्यक्ष

पार्षदों के द्वारा ही अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया इस बार भी बनी रही। नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए हरबंश सिंह बग्गा और श्रीमती दुर्गा शंकर माली के बीच सीधा मुकाबला हुआ।

इस चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी नहीं रहा। सीधे मुकाबले में हरवंश सिंह बग्गा चुनाव जीत गए और वे नगर पंचायत तखतपुर के प्रथम अध्यक्ष बने। वार्ड पार्षद के रूप में हरबंश सिंह बग्गा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी नहीं थे किंतु अध्यक्ष के लिए वे कांग्रेस समर्थित किए गए। इस कार्यकाल के आरंभ में भी ढाई वर्ष के लिए अध्यक्ष का कार्यकाल था जिस पर कहा जाता है कि ढाई वर्ष के बाद अध्यक्ष बनाने की कमिटमेंट पर ही भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारा था। जिसे बाद में मध्य प्रदेश सरकार ने ढाई वर्ष की बंदिश हटाकर सीधे अध्यक्ष का कार्यकाल 5 वर्ष के लिए कर दिया। जिसमें हरबंश सिंह बग्गा ने पूरे 5 वर्ष का अपना अध्यक्षीय कार्यकाल पूर्ण किया। जनक ताम्रकार वरिष्ठ उपाध्यक्ष रहे। बताया जाता है कि इस पंचवर्षीय कार्यकाल में लोक निर्माण विभाग के सभापति रहे जितेंद्र पांडेय की जमकर तूती बोलती थी उन्हें सुपर अध्यक्ष भी कहा जाता था..।

वार्ड क्रमांक 6 में दो बार हुआ मतदान

नगर पालिका वार्ड पार्षद चुनाव के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि किसी वार्ड में दो बार मतदान की स्थिति बनी। वार्ड क्रमांक 6 में कांग्रेस समर्थित कृष्णा अग्रवाल एवं भाजपा समर्थित ममता राजू गुप्ता के मध्य मतगणना में बराबरी की स्थिति होने पर फिर से चुनाव कराया गया जिसमें कृष्णा अग्रवाल चुनाव जीत गई।
         नगर पालिका चुनावी इतिहास के पन्नों को खंगाल कर हम आपके दरबार में ऐसी ही कुछ भूली बिसरी खबरों और चटपटी मसालेदार कही अनकही बातों को ले कर समय समय पर उपस्थित होते रहेंगे… तब तक के लिए नारायण नारायण…😊🙏

error: Content is protected !!