तखतपुर को 50 बेड का अस्पताल, फायर ब्रिगेड, चौपाटी सहित करोड़ों की सौगात दे गए मुख्यमंत्री
जिला विकास सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने किया 451 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन
बृजपाल सिंह हूरा…✍️

तखतपुर। एक साल में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी को सांय सांय पूरा कर रही है। सांय सांय में आज प्रधानमंत्री आवास भी बन रहा है, किसानों का धान भी खरीद रहे हैं, उनको 3100 रुपया प्रति क्विंटल धान का कीमत भी दे रहे हैं, 13 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस भी दिए, 70 लाख से ज्यादा माताओं बहनों को महतारी वंदन में प्रति महीना पहले सप्ताह में 1 तारीख 2 तारीख को 1000 रुपए भेजने का काम कर रहे हैं। अयोध्या तीर्थ यात्रा का राम भक्त लाभ ले रहे है। हम लोग मोदी के गारंटी में भी वादा किए थे कि प्रदेश में सुशासन स्थापित करेंगे और इसके लिए सरकार में एक अलग विभाग की स्थापना किए हैं।

उक्त उद्गार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शासकीय जेएमपी विद्यालय प्रांगण में आयोजित जिला विकास सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान 451 करोड़ के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किया।
बिलासपुर एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग की फैसिलिटी शीघ्र, मार्च 2026 तक नक्सलवाद पूरी तरह होगा समाप्त : साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मोदी की गारंटी में हम लोगों ने जो वादा किया था उसके तहत छत्तीसगढ़ में सुशासन स्थापित करने के लिए हमारे कदम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भ्रष्टाचारियों को पूरी तरह से रोका जा रहा है उन्हें दंडित किया जा रहा है। पीएससी में जो रिजल्ट आए हैं उससे छत्तीसगढ़ की जनता में हर्ष का वातावरण है। बिलासपुर एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग की फैसिलिटी शीघ्र शुरू हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन रेड्डी से मिलकर आए हैं उन्होंने आश्वस्त किया है कि जल्द ही यहां नाइट लैंडिंग प्रारंभ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे रोड कनेक्टिविटी हो चाहे रेलवे हो या चाहे एयर कनेक्टिविटी हर क्षेत्र में केंद्र से काफी आशीर्वाद मिल रहा है।

श्री साय ने आगे कहा कि बहुत मजबूती के साथ हमारे सुरक्षा बल के जवान नक्सलियों से लड़ रहे हैं जिसकी पूरे देश में तारीफ हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प है कि आने वाले मार्च 2026 तक इस देश से नक्सलवाद को खत्म करना है। जिस गति से हम लोग काम कर रहे हैं उससे मुझे पूरा विश्वास है कि उनके संकल्प को पूरा कर पाने में हम सफल होंगे।
5 साल तक छग में सूखा, अब चल रहा है धकाधक सांय सांय विकास कार्य : अरुण साव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 451 करोड़ की सौगात की सभी को बधाई हो। पिछले 5 साल से छत्तीसगढ़ में विकास कार्य का सूखा पड़ा हुआ था। मैं अभी एक आयोजन में करोड़ों के कार्य का भूमि पूजन लोकार्पण किया तो वहां एक वृद्ध व्यक्ति ने मुझसे पूछा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को कोई हंडा मिल गया है क्या? जो धकाधक विकास कार्य कर रहे हैं। मैंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जनता के हित के प्रति संकल्पित समर्पित और पूरी तरह से ईमानदार है तभी प्रदेश में करोड़ों का विकास कार्य हो रहा है। पिछले 5 साल में कांग्रेसियों ने सिर्फ अपना घर भरा है और जनता के पैसे को दिल्ली दरबार में पहुंचाया है। जबकि विष्णु देव साय जनता के पैसे को जनता को ही विकास के रूप में दे रहे हैं।

महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विभागीय योजनाओं के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया।
राम को लाए हैं, अब कृष्ण को लाएंगे : तोखन साहू

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज 451 करोड़ का लोकार्पण एवं भूमि पूजन हो रहा है यह मेरे संसदीय क्षेत्र के लिए बड़े ही गौरव की बात है। केंद्र और राज्य सरकार अपने हर वादे को पूरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से भारत देश का मान सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। राम और कृष्ण की इस धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेहनत साधना और तपस्या सफल हुई। जब उन्होंने 500 साल पुराने राम मंदिर की स्थापना अयोध्या में कराई। राम मंदिर की स्थापना तो की जा चुकी है अब हम भगवान श्री कृष्ण को भी लेकर ही आएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख भी किया।
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ राजनीति के हीरो नंबर वन है : धर्मजीत सिंह

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि मोदी की गारंटी जहां छत्तीसगढ़ में भाजपा की जीत की मूल आधार रहा, वही छत्तीसगढ़ राजनीति की हमारे हीरो विष्णु देव साय ने अपने वादों से जिस तरह छत्तीसगढ़ के किसानों और जनता को लुभाया उससे वे छत्तीसगढ़ राजनीति के हीरो नंबर वन बन गए हैं। शांति का टापू रहा छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने का जो बीड़ा हमारी सरकार ने उठाया है उसकी प्रशंसा पूरे भारतवर्ष में हो रही है।

विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि वर्षों से तखतपुर मूल विकास कार्यों से अछूता और भटका हुआ है। मुख्यमंत्री जी से विनम्र आग्रह है कि तखतपुर विकास को लेकर हमारी मांगों को अगर स्वीकार कर लिया जाए तो तखतपुर भी छत्तीसगढ़ के विकास के संग संग चलने नहीं बल्कि दौड़ने लगेगा। उद्बोधन में ही विधायक धर्मजीत सिंह ने विभिन्न जन कल्याणकारी मांगों का पुलिंदा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत भी किया। विधायक धर्मजीत सिंह ने बापू के भजन का अद्वितीय पोर्ट्रेट मुख्यमंत्री को भेंट कर उनका सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने 451 करोड़ की दी सौगात

जेएमपी शासकीय स्कूल प्रांगण तखतपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 451 करोड़ 25 लाख की लागत वाले विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 143 करोड़ 90 लाख रूपए की लागत से निर्मित 69 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा 307 करोड़ 35 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले 65 कार्यों का भूमिपूजन शिलान्यास हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आत्मानंद स्कूल के 134 संविदा नियुक्त शिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग के 8 कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी सौपा। लोकार्पित किए गए कार्यों में मुख्य रूप से 39 करोड़ 24 लाख रूपए की लागत से निर्मित 05 सड़कें, 22 करोड़ 07 लाख की लागत से जल जीवन मिशन के तहत 21 ग्रामों में नल जल प्रदाय योजना, 11 करोड़ 49 लाख की लागत से जल संसाधन विभाग के एनिकट और नहर लाइनिंग के चार कार्य

03 करोड़ 73 लाख की लागत से ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के 21 कार्य, 10 करोड़ 09 लाख की लागत से विभिन्न गांवों में जनपद पंचायत तखतपुर द्वारा निर्मित 12 कार्य, 18 करोड़ 53 लाख की लागत से पुल पुलिया निर्माण एवं निगम क्षेत्र में 47 करोड़ 62 लाख की लागत से जीआईएस आधारित मैकेनिकल एवं मैनुअल स्विपिंग कार्य रहे। मुख्यमंत्री श्री साय इस मौके पर शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित 3883 हित ग्राहियों को सामग्री एवं राशि का वितरण किए। लाभान्वितों में स्व-सहायता समूह की महिलाए, दिव्यांगजन, मछुआरे, श्रमिक, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही शामिल है।
धर्मजीत सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री ने की घोषणा

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड संख्या 30 से बढ़ाकर 50 बेड अस्पताल किया गया। तखतपुर नगर पुराना थाना में चौपाटी निर्माण के लिए 1 करोड़, नगरपालिका को एक फायर ब्रिगेड, करनकापा हाई स्कूल का उन्नयन कर हायर सेकेंडरी, मोछ में हाईस्कूल भवन निर्माण की स्वीकृति, तखतपुर में बाबा गुरु घासीदास जयंती उत्सव के लिए 5 लाख प्रति वर्ष, बेलतरा तहसील के ग्राम नगोई में तहसील का लिंक कोर्ट लगाने की घोषणा की गई है।

अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री की भारी भीड़ वाले रंगारंग आयोजन और करोड़ों की सौगातो का प्रतिफल आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव में कितना असर कारक और प्रभावशील होगा….
तब तक के लिए नारायण नारायण…😊



