विधायक धर्मजीत सिंह के मार्गदर्शन में सकरी नगर पालिका की मांग पहुंची राजधानी
सकरी की मांग पर गंभीरता पूर्वक होगा विचार : अरूण साव
सकरी को नगर पालिका बनाने प्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री को सौपा ज्ञापन
बृजपाल सिंह हूरा..✍️

तखतपुर। नगर निगम से सकरी को पृथक कर स्वतंत्र नगर पालिका बनाने के लिए सकरी के सर्वदलीय मंच का प्रतिनिधि मंडल तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह के मार्गदर्शन में सकरी मंडल अध्यक्ष बी. आर. महोबिया के नेतृत्व में बुधवार 26 जून को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात किए।
सकरी की भावनाओं से उपमुख्यमंत्री हुए अवगत
प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने श्री साव को अवगत कराया की पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बिना आम सहमति के सकरी नगर पंचायत को नगर निगम में शामिल कर दिया गया। जिसका स्थानीयजनों ने व्यापक विरोध किया था। जिसे अनसुना कर जबरदस्ती नगर पंचायत का विलय नगर निगम बिलासपुर में कर दिया। नगर पंचायत की व्यवस्था से लोग संतुष्ट थे लेकिन निगम में जाने के बाद टैक्स में भारी वृद्धि किया गया जिससे आमजनों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। व्यवस्था, मूलभूत सुविधा के लिए आमजनों को भारी जद्दोजहद करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने कहा कि नगर निगम के व्यवस्था से अच्छा तो ग्राम पंचायत में व्यवस्था था इसलिये हमारे सकरी नगर को नगर पालिका परिषद का दर्जा दिए जाने की जन आकांक्षा है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री ने किया पूर्ण आश्वस्त
प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने कहा कि आप लोगो की मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। सभी पहलुओं का अध्ययन कर उचित एवं विवेकपूर्ण निर्णय लिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा यह प्रतिनिधि मंडल
प्रतिनिधि मंडल में सकरी बीजेपी मंडल अध्यक्ष बी. आर. महोबिया, भाजपा नेता राजेश तिवारी, पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर पंचायत सकरी दरस पनिक, पूर्व जनपद सदस्य धर्मेश दुबे, पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि सूरज मिश्रा, युवा नेता जितेन्द्र सूर्यवंशी, पूर्व जनपद सदस्य राकेश तिवारी, भाजयुमो नेता निलेश सिंह, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमर गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, मनीष तिवारी शामिल रहे।
अब देखना यह है कि तखतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सकरी नगर वासियों की भावनाओं के तहत राज्य सरकार का अंतिम और विवेकपूर्ण निर्णय क्या होता है…
तब तक के लिए नारायण नारायण….😊



